देर रात फंदे पर लटकता मिला किशोर का शव, सौतेली मां हिरासत में

नौबस्ता में 12 साल के किशोर का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। उसके पैर से खून बह रहा था।

Update: 2022-07-07 01:21 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। नौबस्ता में 12 साल के किशोर का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। उसके पैर से खून बह रहा था। सूचना मिलने पर एडीसीपी साउथ मनीष सोनकर और एसीपी गोविंद नगर विकास पाण्डेय मौके पर पहुंचे। इससे पहले परिवार वाले शव उतार चुके थे। देर रात फोरेंसिक टीम ने भी जांच पड़ताल की। हत्या के आरोप पर सौतेली मां को हिरासत में ले लिया गया है।

धर्मेन्द्र सिंह बगिया पुराना तालाब खाड़ेपुर नौबस्ता निवासी धीरज गुप्ता दादा नगर स्थित एक फैक्ट्री में काम करता है। परिवार में पत्नी अर्चना गुप्ता के अलावा एक ढाई साल की बेटी है। गुरुवार देर रात धीरज के बेटे देव का शव लटके होने की सूचना पुलिस को लगभग 11 बजे दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार वाले शव उतार चुका थे। परिवारीजनों ने सौतेली मां अर्चना गुप्ता पर कत्ल का आरोप लगाया है। परिवार वालों से पूछताछ में पता चला कि देव को दोपहर लगभग 12:30 बजे तक देखा गया था।
साढ़े दस घंटे तक फंदे पर लटकता रहा देव का शव
देव का शव साढ़े दस घंटे तक फंदे पर लटकता रहा। ताज्जुब है कि घर में बच्चे की हत्या के दौरान दो लोग मौजूद भी रहे, लेकिन किसी को भी घटना की भनक तक नहीं लगी। पुलिस इन्हीं सभी बिन्दुओं पर जांच कर रही है। पुलिस की जांच में अबतक सामने आया है देव को बुधवार दोपहर आखिरी बार 12:30 बजे पड़ोसी शेखर नाम के व्यक्ति ने देखा था। वह घर के अंदर जा रहा था। शेखर घर के पास ही मसाले की ठिलिया लगाता था।
पड़ोसी ने अर्चना को चोरों की तरह झांकते देखा था
शेखर के मुताबिक दोपहर लगभग 1:30 बजे उसने अर्चना को घर की बालकनी से झांकते हुए देखा था। उसने चारों ओर नजर दौड़ाई और फिर घर के अंदर चली गई। पुलिस ने देव के चाचा अतुल गुप्ता से मामले में पूछताछ की तो उसने बताया कि दोपहर लगभग पौने दो बजे अर्चना ने उसे घर की चाबी दी और कहा कि वह मायके जा रही है। देव के लिए उसने कहा कि वह कहीं दिखाई नहीं दे रहा। अगर आ जाए तो चाबी दे देना। अतुल के मुताबिक शाम लगभग सात बजे वापस लौट आई। थोड़ी देर वह घर के नीचे वाले हिस्से में रही उसके बाद चाबी लेकर ऊपर गई। गेट खोलने के बाद जोर-जोर से चिल्लाने लगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस पर भी जांच की जा रही है। आखिरकार इतनी देर से पुलिस को क्यों सूचना दी गई।
अर्चना और धीरज दोनों की ही दूसरी शादी
धीरज गुप्ता की पहली पत्नी सविता गुप्ता की 2010 में मौत हो गई थी। उनके एक बेटा देव ही था। डेढ़ साल पहले उन्होंने अर्चना से शादी की। अर्चना की भी यह दूसरी शादी थी। पहली शादी से उसके 2.5 साल की एक बेटी है।
वाहन चोरी में जेल गया एक भाई
धीरज के चार भाई हैं। जिसमें से धीरज के अलावा दो की शादी हुई है। उन दोनों की पत्नियां मंगलवार को मायके चली गई थी। धीरज का एक भाई कुछ दिन पहले वाहन चोरी में जेल गया है।
फोरेंसिक टीम बोली पैर नहीं काटा गया
फोरेंसिक टीम की जांच में शरीर पर चोट के निशान नहीं है। पैर से खून आने की बात पर टीम प्रभारी ने बताया कि सात घंटे से ऊपर शव टंगा रहे तो नाखूनों में खून उतर आता है। इसके अलावा टीम ने फंदे के अलावा कमरे में से फिंगर प्रिंट के सैम्पल भी इकट्ठा किए हैं। खबर लिखे जाने तक टीम वहीं मौजूद थी और उनकी जांच पड़ताल जारी थी।
Tags:    

Similar News