वाराणसी। फूलपुर थाना के बरही नेवादा में बुधवार की रात मामूली विवाद में युवक ने किशोर की चाकू मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। परिजन आननफानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया। सूचना के बाद पुलिस गांव पहुंची तो ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। आक्रोश को भांपते हुए एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार ने कई थानों की फोर्स तैनात कर दी है।
बरही नेवादा गांव निवासी किशोर मुकेश और आरिफ में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद मारपीट होने लगी। इसके बाद आरिफ घर से चाकू लेकर आया और मुकेश के पेट में घोंप दिया। इससे मुकेश गंभीर रूप से जख्मी होकर गिर पड़ा। घटनास्थल पर आसपास के लोग जुट गए, तब तक आरोपित किशोर भाग निकला।
परिजन घायल किशोर को लेकर काजीसराय स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की फोर्स तैनात कर दी गई है।