नए साल 2022 के पहले दिन ताजमहल पर रिकॉर्डतोड़ भीड़ उमड़ी। शनिवार को दिनभर में करीब 40 हजार पर्यटकों ने ताज का दीदार किया। सुबह से शाम तक स्मारक के दोनों प्रवेश द्वारों पर कतारें लगी रहीं। कई पर्यटक बिना मास्क के दिखे। आगरा किला समेत अन्य स्मारकों पर पर्यटकों की संख्या अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा रही।

ताज के दीदार के लिए करना पड़ा इंतजार
साल के पहले दिन सुबह से ही पर्यटकों की भीड़ ताज के दीदार के लिए पहुंचने लगी। सुबह नौ बजे से धूप निकल आने के बाद पर्यटकों की संख्या में और इजाफा हो गया। दोपहर दो बजे तक ताजमहल के पूर्वी और पश्चिमी दोनों गेटों पर पर्यटकों की लंबी लाइन लग गई। स्मारक में प्रवेश के लिए पर्यटकों को काफी इंतजार करना पड़ा।
37 हजार से ज्यादा टिकट बिके
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अनुसार एक जनवरी 2022 को 37 हजार से ज्यादा टिकट बिके। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के पास, वीआईपी मेहमानों, ग्रुप के आने के कारण दिनभर में करीब 40 पर्यटकों ने ताजमहल को निहारा। इनमें विदेशी पर्यटकों की संख्या 250 के करीब रही। आगरा किला में साढ़े नौ हजार से ज्यादा पर्यटक पहुंचे।
नए साल पर सीकरी में लगा पर्यटकों का तांता
नए साल के पहले दिन फतेहपुर सीकरी स्मारक में भी पर्यटकों और जायरीनों का तांता लगा रहा। इसके चलते आगरा गेट और शाहकुली पर जाम की स्थिति बनी रही। सुबह से ही सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। शेख सलीम चिश्ती की दरगाह में भी दिनभर भीड़ रही।
स्मारक में प्रवेश के लिए जोधाबाई और दीवाने आम की बुकिंग विंडो पर टिकट और प्रवेश के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। कुछ पर्यटक प्रतिबंधित स्मारक अनूप तालाब में बैरीकंडिंग लांघकर प्रवेश कर गए। बाद में सुरक्षा गार्डों ने उन्हें बाहर निकाला। वाहनों की पार्किंग में भी सैलानियों को परेशानी हुई।
Tags: