महिलाओं पर हुए लाठीचार्ज की जांच करने जाएगा सपा प्रतिनिधिमंडल, अध्यक्ष को भेजेगा रिपोर्ट

बड़ी खबर

Update: 2022-11-11 11:03 GMT
अम्बेडकरनगर। जिले में जलालपुर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में डॉ अंबेडकर की प्रतिमा पर अराजक तत्वों द्वारा कालिख पोतने के विरोध के दौरान महिलाओं पर हुए लाठीचार्ज और महिलाओं को जेल भेजने के मामले की जांच के लिए सपा का 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जलालपुर के वाजिदपुर जाएगा। प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय को अध्यक्ष इसकी रिपोर्ट देगा। पार्टी की तरफ से जारी निर्देश के मुताबिक 11 सदस्यीयों में अवधेश प्रसाद विधायक, लालजी वर्मा, राम अचल राजभर, राममूर्ति वर्मा, राकेश पाण्डेय, त्रिभुवन दत्त, पंकज पटेल, अभय सिंह, महेन्द्र नाथ यादव, अतहर खां पूर्व सदस्य विधान परिषद, जिलाध्यक्ष राम शकल यादव और महासचिव मुजीब अहमद सोनू शामिल रहेंगे।
बता दें कि बीते 6 नवम्बर को जलालपुर के वाजिदपुर में कुछ असामाजिक तत्वों ने संविधान निर्माता डॉ भीम राव अम्बेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोत दी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिलाएं प्रदर्शन कर रही थीं, इस मामले में पुलिस में अधिकारियों ने धरना प्रदर्शन कर रही महिलाओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ उग्र हो गई। पुलिस ने मामले को शांत करने के लिए महिलाओं पर जमकर लाठियां बरसाई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।
घटना को लेकर विपक्षी पार्टी ने जमकर इसकी आलोचना की, साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सपा के जिलाध्यक्ष डॉ अभिषेक सिंह ने बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जलालपुर के ग्राम बाजिदपुर आएगा। दोषियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहीं महिलाओं पर लाठीचार्ज और जेल भेजने की घटना की जांच करेगा। प्रतिनिधिमंडल अपनी जांच रिपोर्ट सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपेगा।
Tags:    

Similar News