Sonbhadra सोनभद्र: जुगैल थाना क्षेत्र के गोठानी गांव में बीती देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 25 वर्षीय विवाहिता नेहा गुप्ता का शव खलिहान में दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला. यह घटना उस वक्त हुई जब घर में सिर्फ पति अयोध्या गुप्ता और उनका बच्चा मौजूद था. मृतका के माता-पिता अपने दुर्घटनाग्रस्त बेटे का कई दिनों से लोधी अस्पताल में इलाज करा रहे थे, जिस कारण वे घर पर नहीं थे. बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिजन घर पहुंचे तो नेहा का शव फंदे से लटकता देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घर में कोहराम मच गया और परिजनों की चीख पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. पुलिस को दी गई तहरीर में मृतका के पिता ने अपनी लाडली बेटी की मौत के लिए सीधे तौर पर पति को जिम्मेदार ठहराया है|
उनका कहना है कि उनकी बेटी ससुराल वालों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने के कारण अपने मायके में रह रही थी. इसके बावजूद भी पति और ससुराल वालों का उत्पीड़न जारी रहा. पिता का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते या तो नेहा ने आत्महत्या की होगी या फिर उसके पति अयोध्या गुप्ता ने इस घटना को अंजाम दिया होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पति अयोध्या गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और गहनता से जांच शुरू कर दी है। मृतका अपने पीछे 6 साल का मासूम बच्चा छोड़ गई है, जिसका भविष्य अब अधर में लटक रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका के पिता ने बताया कि नेहा की शादी जुगैल गांव में अयोध्या गुप्ता से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित करने लगे। इसके चलते नेहा ज्यादातर अपने मायके में ही रहती थी। पति अयोध्या का आना-जाना लगा रहता था और पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। पिता ने बताया कि आज सुबह उन्हें फोन पर नेहा के फांसी लगाने की खबर मिली, जिसके बाद वह तुरंत घर पहुंचे और अपनी बेटी को फंदे से लटका देख उनके होश उड़ गए।