Shamli: भ्रष्टाचार पर 6 भाजपा सभासद मुख्यमंत्री योगी से मिलने साइकिल पर हुए रवाना

नगर पालिका में हो रहा भ्रष्टाचार

Update: 2024-10-07 05:00 GMT

शामली: नगर पालिका परिषद में हो रहे भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर भाजपा के 6 सभासद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत करने साइकिल से रवाना हुए। यह सभी सभासद भाजपा समर्थित हैं, भाजपा सभासदों का आरोप है, कि नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल व अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह यादव नगर पालिका में भ्रष्टाचार कर रहे हैं।

जनपद के अधिकारियों को कई बार शिकायत करने के बावजूद भी अब तक कोई कार्यवाही उनके विरुद्ध नहीं हुई। यही नहीं रामेंद्र सिंह यादव तो भाजपा के निर्विरोध सभासद राजीव गोयल से अभद्र भाषा का प्रयोग व नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल से सभी ने जान-माल की हानि की आशंका जता थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया है। वही अरविंद संगल ने भी सभासदों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा पूर्व में मुकदमा दर्ज कराया था।

दरअसल आपको बता दें कि साइकिल पर सवार यह सभी 6 युवक शामली नगर पालिका परिषद से भाजपा के सभासद हैं। निशिकांत सिंगल, अनिल उपाध्याय, सेठपाल कुमार, अजीत निर्वाल, पंकज गुप्ता व राजीव गोयल सभी भाजपा से सभासद है। इन सभासदों का आरोप है, कि शामली नगर पालिका में जबरदस्त भ्रष्टाचार मचा हुआ है। कोई भी अधिकारी व कर्मचारी सुनने को तैयार नहीं है। इन सभासदों का आरोप है कि शामली नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल व अधिशासी अधिकारी रामेंद्र सिंह यादव की वजह से नगर पालिका को बहुत नुकसान हो रहा है और दोनों ही मिलकर भ्रष्टाचार कर रहे हैं। जब सभासदों ने इन सब की शिकायत जनपद के आला- अधिकारियों से की तो आज तक कोई कार्रवाई उनके विरोध नहीं हुई। जबकि नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल की तहरीर पर जान से मारने की धमकी देने की एक शिकायत इन सभी सभासदों के विरुद्ध सदर कोतवाली में दर्ज कर ली गई। सभासद निशिकांत सिंगल व अनिल उपाध्याय का आरोप है कि ईओ ने तो भाजपा के निर्विरोध सभासद राजीव गोयल से फोन पर अभद्रता करते हुए बदसलूकी की थी, यह सब नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल की शह पर हो रहा है। नगर पालिका में लाइट, ट्यूबवल, कुत्ता नसबंदी व अन्य सभी उपकरणों की खरीद में जबरदस्त भ्रष्टाचार किया हुआ है।

आज वो सभी सभासद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलने के लिए साइकिल पर सवार होकर लखनऊ जा रहे हैं, सभी लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलकर नगर पालिका शामली में हो रहे भ्रष्टाचार की शिकायत करेंगे।

आपको बता दें कि दो दिन पूर्व हुई सभासद अनिल उपाध्याय ने नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद संगल के विरुद्ध जान माल की रक्षा हेतु गुहार लगाते हुए एक एनसीआर भी शामली की सदर कोतवाली में दर्ज कराया है। पुलिस दोनों मुकदमों की जांच कर रही है।

Tags:    

Similar News

-->