मेरठ: स्कूल भवन का इस्तेमाल पढ़ाई के लिए नहीं बल्कि नकली सिगरेट बनाने के लिए किया जा रहा था। पुलिस और कंपनी की संयुक्त कार्रवाई में एक ऐसी अवैध फैक्ट्री का खुलासा हुआ, जहां नामी ब्रांड की नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में तैयार सिगरेट, कच्चा माल और निर्माण में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गईं।
जानकारी के मुताबिक यह फैक्ट्री एक स्कूल भवन में संचालित की जा रही थी। आरोपी यहां
ITC कंपनी
के ब्रांड से मिलती-जुलती नकली सिगरेट तैयार कर बाजार में सप्लाई करने का काम कर रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सामान बरामद किया है। मामले में दिल्ली निवासी कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार नकली सिगरेट का नेटवर्क कई इलाकों तक फैला हुआ था। आरोपी कम कीमत पर नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में खपाते थे, जिससे कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचने के साथ ग्राहकों को भी धोखा दिया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस को सिगरेट बनाने की मशीनें, पैकिंग सामग्री और बड़ी मात्रा में तैयार माल मिला। अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली सिगरेट की सप्लाई किन-किन राज्यों और बाजारों में की जा रही थी। साथ ही आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
Tags: