Saharanpur सहारनपुर: सहारनपुर के नानौता क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, दिल्ली-यमुनात्री हाईवे पर जंधेड़ी रेलवे फ्लाईओवर पर सहारनपुर से शामली जा रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर फ्लाईओवर के डिवाइडर पर लटक गया।
बता दें कि हादसा उस समय हुआ जब शामली जिले के कैराना क्षेत्र के भौरा कंडेला गांव निवासी ट्रक चालक जीशान ट्रक लेकर सहारनपुर से शामली जा रहा था। बताया गया कि जैसे ही जीशान जंधेड़ी फ्लाईओवर पर पहुंचा, अचानक झपकी आने के कारण वह ट्रक से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रक फ्लाईओवर की रेलिंग और डिवाइडर पर चढ़ गया और उसका आधा हिस्सा फ्लाईओवर से बाहर लटक गया। यह दृश्य देखकर वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक घबरा गए और कुछ देर के लिए हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही नानौता पुलिस मौके पर पहुंच गई।
चौकी प्रभारी अनुज पंवार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद क्रेन की मदद से ट्रक को फ्लाईओवर से हटाया गया। पुलिस और क्रेन टीम की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही देर में हाईवे पर यातायात सुचारू हो गया। गनीमत रही कि यह हादसा रात के समय हुआ, जब सड़क पर अपेक्षाकृत कम वाहन थे। अगर यह हादसा दिन में होता, तो फ्लाईओवर पर भारी भीड़ के कारण बड़ा हादसा हो सकता था।
स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली कि चालक को सुरक्षित निकाल लिया गया और किसी अन्य वाहन को नुकसान नहीं पहुँचा। पुलिस ने मामले की सूचना दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, इस घटना ने एक बार फिर चेतावनी दी है कि वाहन चालक लंबी यात्रा के दौरान सतर्क रहें और थकान या नींद आने की स्थिति में यात्रा करने से बचें, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
Tags: