अमेठी: लखनऊ–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम सड़क हादसे में सेवानिवृत्त सूबेदार प्रदीप सिंह की मौत हो गई। सिरियारी पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आ गई। वह जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित भेल फैक्ट्री में ड्यूटी करने जा रहे थे। 
सुल्तानपुर के धनपतगंज थाना क्षेत्र स्थित नवगवां गांव निवासी प्रदीप सिंह की उम्र लगभग 55 वर्ष थी। सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने सुरक्षाकर्मी की नौकरी शुरू की थी। शुक्रवार को भी वह बाइक लेकर कार्यस्थल के लिए निकले थे।
हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों की सहायता से उन्हें जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उनकी जान नहीं बचा सके। उनकी मृत्यु की सूचना मिलने पर परिजन शोक में डूब गए। पैतृक गांव नवगवां में भी दुख का माहौल है। थानाध्यक्ष मुकेश पटेल के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली पुलिस के कब्जे में है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है और दुर्घटना की जांच जारी है।
Tags: