प्रियंका गांधी को 82 दिन बाद आई यूपी की याद, 2 दिन तक बनाएंगी आगे का प्लान

यूपी विधानसभा चुनाव में सिर्फ 2 सीटों पर जीत हासिल कर पाई कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है।

Update: 2022-06-01 05:10 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। यूपी विधानसभा चुनाव में सिर्फ 2 सीटों पर जीत हासिल कर पाई कांग्रेस अपने सबसे बुरे दौर से गुजर रही है। ऐसे में यूपी चुनाव के दौरान पार्टी की कमान संभाल रहीं पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी का 82 दिन बाद लखनऊ आने का कार्यक्रम बना है। वह राज्‍य में पार्टी को मजबूत करने का प्‍लान बनाएंगी। उदयपुर राजस्‍थान में हुए चिंतन शिविर के बाद कांग्रेस ने यूपी में भी दो दिवसीय चिंतन शिविर का आयोजन किया है। इसमें करीब 500-600 वरिष्‍ठ नेताओं के भाग लेने की संभावना है।

प्रियंका गांधी ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। इसके बाद भी पार्टी को शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। पार्टी सिर्फ दो सीटों पर कामयाबी हासिल कर सकी। यूपी में कांग्रेस के पास अब सिर्फ दो विधायक और एक लोकसभा सदस्‍य रह गए हैं। यूपी चुनाव में हार के बाद प्रियंका अब वापस लौट रही हैं। प्रियंका राज्‍य के चुनाव से करीब एक साल पहले ही सक्रिय हो गई थीं। उन्‍होंने 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' जैसे अभियानों की शुरुआत की और लखीमपुर खीरी हिंसा मामले में सक्रिय रहीं। वे प्रदेश की हर छोटी-बड़ी घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देती थीं। राज्‍य में जहां कहीं कोई घटना होती थी, प्रियंका वहां पहुंच जाया करती थीं। लेकिन विधानसभा चुनाव का रिजल्‍ट सामने आने के बाद उन्‍होंने एक बार भी यूपी का दौरा नहीं किया। सोशल मीडिया पर भी उनकी सक्रियता पहले से काफी कम हो गई।
लल्‍लू के इस्‍तीफे के बाद अध्‍यक्ष का पद खाली
प्रियंका की गैरमौजूदगी का असर प्रदेश के कांग्रेसियों पर साफ दिख रहा है। यहां तक कि कुशीनगर की तमकुहीराज सीट से बुरी तरह हारने के बाद अजय कुमार लल्‍लू के इस्‍तीफे के बाद से पार्टी के अध्‍यक्ष का पद भी खाली है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, पार्टी के अंदरूनी लोगों का कहना है कि वे बेहतर नतीजों की उम्मीद कर रहे थे। उन्‍होंने ऐसी हार का अनुमान नहीं लगाया था। ऐसी हार जो 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर भी असर डाल सकती है। हालांकि पार्टी में एक वर्ग का मानना है कि कांग्रेस प्रदेश में कमबैक कर सकती है। जल्‍द ही पार्टी में नए प्रदेश अध्‍यक्ष की नियुक्ति हो सकती है।
उदयपुर चिंतन शिविर की जानकारी होगी साझा
प्रियंका के लखनऊ दौरे और कॉन्‍क्‍लेव के दौरान यूपी के पार्टी कार्यकर्ताओं से उदयपुर चिंतन शिविर की जानकारियां साझा की जाएंगी। इसके साथ ही राज्‍य में पार्टी को दोबारा खड़ा करने के लिए रणनीति बनेगी।


Tags:    

Similar News