फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया राम मंदिर,रामनवमी के लिए तैयार अयोध्या

Update: 2024-04-16 02:28 GMT

अयोध्या: अयोध्या के राम मंदिर में रामनवमी आयोजन को लेकर तैयारी जोरो पर है। रामनवमी से पहले प्रभु श्री राम के मंदिर को सजाया गया है। फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से राम मंदिर जगमगाने लगा है।

17 अप्रैल 2024 को देशभर में रामनवमी मनाई जाएगी। इस बार की रामनवमी बेहद खास है। क्योंकि 500 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पहली बार प्रभु श्रीराम के जन्म स्थान अयोध्या में बने भव्य महल में राम नवमी मनाई जाएगी। राम नवमी के दिन उत्सव मनाने के लिए राम नगरी को सजाया गया है। प्रभु श्री राम का भव्य मंदिर फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाने लगा है। श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट की ओर से मंदिर की तस्वीरें जारी की गई हैं।

रामनवमी मेले में श्रद्धालुओं को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी देते हुए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने बताया कि बताया कि श्रीराम नवमी महोत्सव के दौरान मंगला आरती के बाद ब्रह्म मुहूर्त में अति प्रातः 3:30 बजे से अभिषेक, श्रृंगार एवं दर्शन साथ-साथ चलते रहेंगे। श्रृंगार आरती प्रातः 5:00 बजे होगी। भगवान को भोग लगाने के लिए समय-समय पर अल्प-काल को पर्दा रहेगा। रात्रि 11:00 बजे तक दर्शन का क्रम पूर्ववत चलता रहेगा।

16 व 18 अप्रैल को सुबह 6 बजे से होंगे दर्शन

राम मंदिर निर्माण के प्रभारी गोपाल राव ने बताया कि 16 और 18 अप्रैल को रामलला का दर्शन सुबह 6 बजे से ही शुरू हो जाएगा। अभी रामलला के दर्शन 6:30 बजे की श्रृंगार आरती के बाद शुरू होते हैं।

Tags:    

Similar News