सत्य निकेतन इमारत हादसे पर राजीव शुक्ला बोले पुरानी इमारतों की सुरक्षा नीति जरूरी
Delhi दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम दिल्ली स्थित सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने की घटना को लेकर कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने चिंता जताई है। उन्होंने इस हादसे को बेहद दुखद बताते हुए दिल्ली सरकार से पुरानी और जर्जर इमारतों की सुरक्षा को लेकर ठोस नीति बनाने की मांग की। राजीव शुक्ला ने कहा कि दिल्ली में बड़ी संख्या में पुरानी इमारतें हैं, जिनकी समय-समय पर जांच और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने फायर सेफ्टी और भवनों की मजबूती को लेकर भी प्रभावी कदम उठाने की जरूरत बताई।
उन्होंने कहा, "बहुत दुखद घटना है। दिल्ली सरकार को ऐसी पुरानी इमारतों, उनकी जर्जर स्थिति और फायर सेफ्टी के बारे में एक पूरी नीति बनानी पड़ेगी। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि हादसे में छात्रों के दबे होने की सूचना सामने आ रही है, ऐसे में सबसे पहली प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा करने की अपील की।
सत्य निकेतन में इमारत गिरने के बाद राहत और बचाव एजेंसियां मौके पर सक्रिय हैं। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। प्रशासन यह भी देख रहा है कि इमारत की हालत पहले से खराब थी या निर्माण संबंधी किसी ला परवाही के कारण यह घटना हुई। इस हादसे ने राजधानी में पुरानी इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, समय पर निरीक्षण और मरम्मत से ऐसे हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है।