Rajapakad/कुशीनगर: तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के बरवा राजापाकड़ गांव में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार और रविवार की रात अज्ञात चोरों ने एक मछली पालक के दो तालाबों पर लगे मोटर चोरी कर लिए। इस घटना से न केवल पीड़ित को आर्थिक नुकसान हुआ है बल्कि पूरे गांव में चोरो के भय का माहौल बन गया है।
बता दें कि बरवा राजापाकड़ के बहुरिया टोला निवासी नंदलाल चौहान लंबे समय से मछली पालन का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। तालाबों की सिंचाई और जल प्रबंधन के लिए मोटर उनकी मुख्य आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि दोनों रातों में चोरों ने मौका पाकर अलग अलग तालाबों पर लगे दो महंगे मोटर चुरा ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत थानाध्यक्ष तुर्कपट्टी को एक लिखित तहरीर देकर की है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई अब तक नहीं हो पाई है।इसके पूर्व भी गांव से दो मोटर चोरी हो चुका है इससे चोरों के हौसले बुलंद हैं और आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
गांव के अन्य किसानों और मछली पालकों ने भी अपनी चिंता जताते हुए प्रशासन से इलाके में रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। अगर जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में और भी बड़ी घटनाएं सामने आ सकती हैं।