Lucknow.लखनऊ। उत्तर प्रदेश की वर्ष 2025-26 की नई आबकारी नीति पर पंजाब की भी नजर है। नई आबकारी नीति के तहत उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश में पहली बार ई-लॉटरी के जरिए दुकानों का आवंटन किया है और कंपोजिट शराब की दुकानें खोली गई हैं। इससे राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद है। इसीलिए पंजाब सरकार ने भी अपने दो आबकारी अधिकारियों को उत्तर प्रदेश की आबकारी नीति का अध्ययन करने के लिए भेजा है। इन अधिकारियों ने शनिवार को नई नीति के बारे में जानकारी ली। आबकारी आयुक्त डॉ. आदर्श सिंह ने बताया कि पंजाब के आबकारी अधिकारी अमित गोयल और रूपिंदर जीत सिंह ने सीतापुर स्थित एक इकाई का दौरा किया। यह दौरा उत्तर प्रदेश में लागू आबकारी नीति और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं का अध्ययन करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
पंजाब के अधिकारियों ने टेट्रा पैक मशीनों की कार्यप्रणाली, उसकी उत्पादन क्षमता और स्थापना के लिए आवश्यक उपकरणों का अध्ययन किया। टेट्रा पैक लेमिनेट की आपूर्ति व्यवस्था और पैकिंग सामग्री की खरीद के स्रोतों के बारे में भी जानकारी ली गई। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश आबकारी नीति वर्ष 2025-26 के अन्तर्गत देशी मदिरा एवं विदेशी मदिरा के उत्पादन एवं विक्रय पर निर्धारित विभिन्न प्रतिफल प्रभारों की जानकारी भी पंजाब के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। प्रतिनिधिमण्डल ने ट्रैक एण्ड ट्रेस सिस्टम, क्यूआर कोड प्रिंटिंग, उसके डिस्पैच एवं सम्बन्धित प्रक्रिया का निरीक्षण किया। प्रतिनिधियों ने टेट्रा पैक लाइनों पर स्थापित ऑनलाइन स्कैनिंग सिस्टम (सुन्दरम) का अवलोकन किया। इसके पश्चात सिधौली बाजार, सीतापुर स्थित मिश्रित मदिरा की दुकान का भ्रमण किया गया।