Prayagraj: पड़ोसी के प्रेम में फंसी पत्नी, पति ने दिखाया बड़ा दिल

Update: 2025-06-28 08:56 GMT

प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक चौंकाने वाला लेकिन सोचने पर मजबूर कर देने वाला मामला सामने आया है। दो बच्चियों की मां को पड़ोस में रहने वाले युवक से प्रेम हो गया, और जब इस बात की जानकारी पति को हुई, तो उसने गुस्से या विवाद की बजाय ऐसा फैसला लिया, जिससे पूरे इलाके में हैरानी फैल गई। पति ने समझदारी और बड़प्पन का परिचय देते हुए पत्नी को उसके प्रेमी के हवाले कर दिया—बस एक शर्त रखी कि वह अपनी दोनों बेटियों की देखभाल भी खुद ही करेगी। पत्नी ने यह शर्त मान ली और प्रेमी के साथ बेटियों को लेकर ससुराल से विदा हो गई।

घटना फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के अमिलिया गांव की है। यहां के निवासी चंद्रभान पटेल की शादी करीब 12 साल पहले उतरांव थाना क्षेत्र के मोतिहा गांव की आरती पटेल से हुई थी। शादी के बाद उनके घर दो बेटियां भी हुईं, जिनकी उम्र अब दो और चार साल है।

बीते कुछ समय से आरती का लगाव पड़ोसी युवक करन पटेल से हो गया, जो उससे उम्र में नौ साल छोटा (21 वर्ष) है और अविवाहित है। दोनों के बीच गुपचुप प्रेम संबंध बन गए और समय के साथ यह रिश्ता गहराता चला गया। बताया जा रहा है कि आरती पहले भी एक बार प्रेमी के साथ घर छोड़ चुकी थी, लेकिन बाद में वापस लौट आई थी।

जब पति चंद्रभान को पत्नी और पड़ोसी युवक के संबंधों की पूरी जानकारी मिली, तो उसने पहले पत्नी को समझाने की कोशिश की। लेकिन जब कोई असर नहीं हुआ, तो गुरुवार को चंद्रभान ने तहसील में हलफनामा देकर पत्नी से औपचारिक रूप से संबंध विच्छेद कर लिया और सहमति से पत्नी को प्रेमी करन के साथ भेज दिया।

समझौते में तय हुआ कि अब आरती ही अपनी दोनों बेटियों की पूरी जिम्मेदारी निभाएगी। इस प्रक्रिया के दौरान महिला के पिता भी मौजूद रहे। यह मामला अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है—जहां एक ओर लोग पति की सहनशीलता और फैसले की सराहना कर रहे हैं, वहीं सामाजिक रिश्तों की जटिलता पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Tags:    

Similar News