Prayagraj : गंगा-यमुना का बढ़ा जलस्तर, तटीय इलाके के लोगों को किया गया अलर्ट

Update: 2024-07-16 14:10 GMT
Prayagraj प्रयागराज । उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में हाे रही भारी बारिश और पहाड़ो पर भी बारिश के साथ बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण प्रयागराज में गंगा नदी का जलस्तर 21 सेंटीमीटर जबकि यमुना का 16 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है। सिंचाई विभाग बाढ़ खंड से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में छतनाग में गंगा का जलस्तर 21 सेंटीमीटर बढ़कर 78.23 मीटर पर पहुंच गया है, जबकि फाफामऊ में गंगा आठ सेंटीमीटर की वृद्धि के साथ 78.23 मीटर पर बह रही है। नैनी में यमुना का जलस्तर भी 16 सेंटीमीटर बढ़कर 75.76
सेंटीमीटर दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान स्थिति में दोनों नदियों का जलस्तर प्रति चार घंटे में फाफामऊ में गंगा का जलस्तर एक से दो सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है जबकि छतनाग में चार सेंटीमीटर और नैनी में यमुना का जलस्तर दो सेंटीमीटर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रयागराज में गंगा का खतरे का निशान 84.734 मीटर है। अभी बाढ़ का कोई खतरा नहीं है। गंगा और यमुना के जलस्तर में बढ़ोत्तरी से तटीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क कर दिया गया है। यमुना नदी में केन, बेतवा और चंबल नदियों का भी पानी आ रहा है।
जल पुलिस प्रभारी जनार्दन प्रसाद साहनी ने बताया कि दोनों नदियों में जलस्तर बढ़ने से स्नानार्थियों की सुरक्षा के लिए गंगा में चौकी बनाया गया है। उसी चौकी पर श्रद्धालुओं को स्नान कराया जाता है। चौकी के नीचे और चारों तरफ जाल लगाया जाता है जिससे कोई स्नानार्थी नदी में डूबने नहीं पाए। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार 25 चौकियां बनायी गयी है। दो-तीन तखत को एक साथ जोड़कर यह चौकी तैयार की जाती है। इसके दोनों तरफ बड़ी वाली नाव लगी रहती है, उसी में तखत के पाए बंधे रहते है।
Tags:    

Similar News

-->