Muzaffarnagar मुजफ्फरनगर : शहर के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित जिला परिषद मार्केट में युवक-युवती के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच वीडियो फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। वहीं, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार शाम की बताई जा रही है। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की जिला परिषद मार्केट में एक युवक और युवती के साथ कथित रूप से मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षा में लेकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
युवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह शामली जनपद के थाना थानाभवन क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। वह अपने परिचित महताब के साथ दवाई खरीदने के लिए मुजफ्फरनगर स्थित जिला परिषद मार्केट आई थी। दवाई लेने के बाद दोनों एक दुकान पर छोले-भटूरे खा रहे थे।
आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और दोनों से उनका नाम और पता पूछने लगे। युवती के अनुसार, परिचय बताने के बाद युवकों ने इस बात पर आपत्ति जताई कि युवती हिंदू है और उसके साथ मौजूद युवक मुस्लिम है। इसके बाद कथित रूप से युवकों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि कुछ ही देर में कई युवक वहां पहुंच गए और दोनों को घेर लिया। युवती ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसके परिचित महताब के साथ मारपीट की। जब उसने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उसके साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की, अभद्रता और छेड़छाड़ की गई।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके बाल पकड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के दौरान जिला परिषद मार्केट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंचे और दोनों को भीड़ से बाहर निकाला।
युवती की तहरीर के आधार पर पुलिस ने गौरव शर्मा, कुशल वीर, शुभम, प्रशांत शर्मा और लोकेश सैनी को नामजद किया है। इसके अलावा 10 से 12 अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर, मेडिकल रिपोर्ट और बयानों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
एसपी सिटी ने बताया कि घटना से संबंधित वीडियो फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला परिषद मार्केट जैसे व्यस्त क्षेत्र में हुई इस घटना के चलते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।