पुलिस ने यातायात माह में जमकर काटे वाहनों के चालान, जानें कितना वसूला जुर्माना
हमीरपुर। हमीरपुर जिले में पुलिस ने यातायात माह में जमकर वाहन चेक किए और चालान काटे। बता दें यातायात माह एक नवंबर से 30 नवंबर तक चलाया गया था। जानकारी के अनुसार, इस दौरान कुल 20,586 वाहन चेक किए गए तो वहीं 13,040 वाहनों का चालान काटा गया। साथ ही करीब 4,76,500 रुपयों का जुर्माना वसूला गया। बताते चले कि पुलिस की इस कार्रवाई में 24 वाहनों को भी सीज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बिना हेलमेट के 7,858 लोगों का चालान काटा गया तो वहीं बिना सीट बेल्ट लगाए 576 लोगों का चालान काटा गया। इसी के साथ गलत दिशा में वाहन चलाने पर 884 लोगों का चालान काटा गया। बाइक पर 3 सवारी बैठने पर 1121 चालकों का चालान काटा गया है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में 13 लोगों का चालान किया गया। बिना लाइसेंस वाहन चलाने पर भी पुलिस ने 1950 लोगों का चालान किया है।
दरअसल, पुलिस द्वारा यातायात माह में जिले में हर स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं से लेकर ई रिक्शा चालक, ट्रक चालक, ऑटों चालक तक को जागरूक किया गया है। ग्रामीण और शहरी इलाकों में भी लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इस मामले पर जानकारी देते हुए हमीरपुर के एसपी शुभम पटेल ने बताया की आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। साथ ही जनता से भी अपील है कि यातायात व्यवस्था को ओर ज्यादा सुगम बनाने में लोग सहयोग करें।