Lucknow लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद जल्द ही जेल रोड स्थित अपनी महत्वाकांक्षी सौमित्र विहार योजना को आम लोगों के लिए खोलने जा रहा है। इस योजना के तहत हजारों आवासीय भूखंड विकसित किए जाएंगे, जिनकी बुकिंग अगस्त महीने से शुरू होने की उम्मीद है। खास बात यह है कि यहां प्लॉट की कीमत करीब 2500 से 2600 रुपये प्रति वर्गफुट निर्धारित की गई है, जिससे मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है।

आवास विकास परिषद ने सौमित्र विहार योजना के लिए रेरा (RERA) पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिषद की ओर से रेरा में पंजीकरण का प्रस्ताव भेज दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इसी महीने योजना से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी होने की संभावना है। इसके बाद अगस्त में प्लॉटों के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

2092 आवासीय भूखंड किए जाएंगे विकसित

सौमित्र विहार योजना के तहत कुल 2092 आवासीय भूखंड विकसित किए जाएंगे। योजना में अलग-अलग आय वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए छोटे और बड़े आकार के प्लॉट शामिल किए गए हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से लेकर उच्च आय वर्ग तक के लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार भूखंड चुनने का अवसर मिलेगा।

योजना में विभिन्न आकार के प्लॉट प्रस्तावित हैं। इनमें 300 वर्गमीटर के 161 भूखंड, 200 वर्गमीटर के 579 भूखंड, 122.23 वर्गमीटर के 445 भूखंड, 75 वर्गमीटर के 598 भूखंड, 60.59 वर्गमीटर के 229 भूखंड और 40.74 वर्गमीटर के 80 भूखंड शामिल हैं।

व्यावसायिक गतिविधियों को भी मिलेगा बढ़ावा

सौमित्र विहार योजना में केवल आवासीय प्लॉट ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक भूखंड भी विकसित किए जाएंगे। योजना में कुल 169 व्यावसायिक प्लॉट प्रस्तावित हैं। इनमें 1375 वर्गमीटर के 5 भूखंड, 200 वर्गमीटर के 57 भूखंड और 100 वर्गमीटर के 107 भूखंड शामिल हैं।

इन व्यावसायिक भूखंडों के विकसित होने से क्षेत्र में बाजार, दुकानों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे आसपास के इलाकों में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

हरियाली और सुविधाओं पर रहेगा जोर

आवास विकास परिषद सौमित्र विहार योजना को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर नगर बसावट के रूप में विकसित करने की तैयारी कर रहा है। योजना में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया है।

इसके तहत 1.14 लाख वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में ग्रीन एरिया विकसित करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा योजना में 19.804 हेक्टेयर वन क्षेत्र, 2.3648 हेक्टेयर भूमि पर गौशाला और भविष्य के विस्तार के लिए 1.5664 हेक्टेयर जमीन आरक्षित की गई है।

अधिकारियों का कहना है कि सौमित्र विहार योजना लखनऊ में रहने वालों के लिए बेहतर आवासीय विकल्प साबित हो सकती है। कमर्शियल सुविधाओं, हरियाली और अच्छी प्लानिंग के साथ विकसित होने वाली यह योजना शहर के तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में एक नई पहचान बना सकती है। आने वाले दिनों में रेरा पंजीकरण पूरा होने के बाद प्लॉट बुकिंग से जुड़ी विस्तृत जानकारी जारी की जाएगी।

Tags: