Noida नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 39 में आज पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि 5 अन्य बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आपको बता दें कि यह घटना उस समय हुई जब सेक्टर 39 थाना पुलिस द्वारा चौकी सदरपुर के पास चेकिंग की जा रही थी। इस दौरान एक टाटा ऐस कार और बिना नंबर प्लेट की ब्रेजा कार में कुछ संदिग्ध लोग आते दिखाई दिए। इस दौरान जब पुलिस टीम ने चेकिंग के इरादे से उन्हें रोका तो वे नहीं रुके और सेक्टर 42 की तरफ बढ़ने लगे। पुलिस टीम ने जब उनका पीछा करना शुरू किया तो बदमाश खुद को घिरा देख टाटा ऐस और ब्रेजा कार छोड़कर जंगल की तरफ भागने लगे।
इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान सुमित उर्फ बिल्ला के रूप में हुई है, जो बिहार के खगड़िया का रहने वाला है। उनके पास से 1 अवैध तमंचा, 1 जिंदा कारतूस और 1 खाली खोखा बरामद हुआ।
पुलिस टीम द्वारा की गई कॉम्बिंग कार्रवाई के दौरान ब्रेज़ा कार छोड़कर भागे अपराधी अनूप पाल उर्फ चिकना, प्रवीण उर्फ शूटर, कोविंद, शाहनवाज़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपराधियों के पास से ब्रेज़ा कार, बिना नंबर प्लेट की टाटा एस कार बरामद हुई है, जिसमें दो लोहा काटने वाली आरी, लोहे के हुक लगी रस्सी, चार बंडल केबल और 2 तमंचे बरामद हुए हैं।बता दें कि घायल बदमाश को पहले इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।