भतीजे ने चाचा की गोली मारकर की हत्या, बीच बचाव में आई भाजपा मंडल अध्यक्ष घायल
पढ़े पूरी खबर
न्यूज़ क्रेडिट; अमरउजाला
जौनपुर जिले के बभनियांव गांव में बीती रात चाचा और बुआ की ननद व भाजपा महिला मोर्चा की पंवारा मंडल उपाध्यक्ष को गोली मार दी। घटना में चाचा की मौत हो गई। बुआ की ननद को वाराणसी रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी भतीजे को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के महरुपुर गांव निवासी अतुल सिंह (55) अविवाहित थे। वह लगभग 25 वर्षों से अपने बहन के घर मीरगंज थाना के बभनियांव गांव में रहते थे। बुधवार रात एक बजे बोलेरो से उनका सगा भतीजे सूरज सिंह उर्फ प्रशांत सिंह आया। उसके साथ कचगांव निवासी बकाटू उर्फ टाइगर भी था।
पैतृक संपत्ति को लेकर था विवाद
परिवार के लोगों के मुताबिक अतुल सिंह अपनी पैतृक जमीन बेचना चाहते थे। जबकि सूरज नहीं चाहता था कि उसके चाचा पैतृक संपत्ति को बेचें। इसी बात को लेकर दोनों में वाद-विवाद काफी बढ़ गया। इस दौरान प्रशांत ने कई राउंड फायर किए। अतुल सिंह और उसकी की बहन की ननद भाजपा महिला मोर्चा की पंवारा मंडल उपाध्यक्ष पुष्पा सिंह (52) के सिर में गोली लगी।
जबतक लोग मौके पर जुटते तबतक हमलावर बोलेरो से जंघई की तरफ भाग गए। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस घायलों को इलाज के लिए मछली शहर सीएचएसी ले गई। जहां अतुल सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि हालत गंभीर देख पुष्पा को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां से इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। इधर सीओ अतर सिंह, थानाध्यक्ष बृजेश कुमार, जंघई चौकी इंचार्ज एमडी राजपूत मौके पर पहुंचे।
अतुल के बहनोई विजय प्रताप सिंह ने मृतक के भतीजे सूरज पर हत्या का आरोप लगाया है। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेन्द्र सिह ने बताया है कि मृतक के सगे भतीजे सूरज सिंह उर्फ प्रशांत सिंह को हिरासत में ले लिया गया है। जबकि उसके दूसरे साथी व कचगांव निवासी बकाटू उर्फ टाइगर की तलाश की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।