चाची के आशिक को पकड़ा, भतीजा गंभीर घायल

Update: 2026-08-01 11:24 GMT

मेरठ: लोहियानगर थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला के घर में उसका प्रेमी बेड के अंदर छिपा मिला। महिला के भतीजे ने जब उसे बाहर निकाला तो मामला खुल गया। आरोप है कि प्रेमी ने अपनी पोल खुलने के बाद साथियों को बुलाकर भतीजे की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह घटना फतेहउल्लापुर स्थित एक कॉलोनी की बताई जा रही है। घायल युवक उमर ने पुलिस को बताया कि उसके चाचा सऊदी अरब में काम करते हैं और उनकी पत्नी बच्चों के साथ मेरठ में रहती हैं। शुक्रवार दोपहर उसके चाचा ने फोन कर उसे अपनी पत्नी को पैसे देने के लिए घर भेजा था।

उमर जब चाचा के घर पहुंचा तो उसे कुछ संदिग्ध गतिविधि नजर आई। उसने अपनी चाची से पूछा कि घर में कोई और मौजूद है क्या, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद उमर ने घर की तलाशी ली तो उसे बेड के अंदर एक व्यक्ति छिपा हुआ मिला।

उमर ने बेड खोलकर उस व्यक्ति को बाहर निकाला तो उसकी पहचान सरफराज के रूप में हुई। आरोप है कि सरफराज के घर में पकड़े जाने के बाद विवाद बढ़ गया। इसके बाद उसने अपने कुछ साथियों को फोन कर बुला लिया। कुछ ही देर में कई लोग वहां पहुंच गए और उन्होंने उमर के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि सरफराज और उसके साथियों ने उमर को डंडों और अन्य चीजों से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी तरह उमर वहां से बचकर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल भेजा, जहां हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

उमर के भाई ने इस मामले में लोहियानगर थाने में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुमित तोमर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अब पूरे मामले में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय मौके पर कौन-कौन लोग मौजूद थे और मारपीट में किन लोगों की संलिप्तता रही।

वहीं, मेरठ के इसी थाना क्षेत्र में बाइक की साइड लगने को लेकर भी विवाद सामने आया है। ग्राम बजट में बाइक टकराने के बाद दो पक्ष आमने-सामने आ गए और दोनों तरफ से मारपीट व पथराव हुआ। घटना में दो लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया।

फिलहाल बेड के अंदर प्रेमी के छिपे मिलने और उसके बाद हुई मारपीट का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News