बदायूं। बदायूं में डोडा माफिया नजमुल के बाजार पर शनिवार को सिस्टम का बुलडोजर गरज गया। अफसरों का कहना है कि नजमुल ने निर्धारित मानचित्र से अतिरिक्त निर्माण किया था। यही निर्माण ढहाया गया है। नजमुल ककराला कस्बा में शुक्रवार रात हुए पुलिस पार्टी पर पथराव और जानलेवा हमले के मामले में भी नामजद है और फिलहाल भागा हुआ है। सिटी मजिस्ट्रेट बृजेश कुमार और सीओ सिटी आलोक मिश्रा के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की टीम जेसीबी मशीन लेकर शहर के घंटाघर पर स्थित नजमुल के बनाए गए मार्केट पर जा पहुंची। अफसरों ने मानचित्र देखने के बाद टीम को संबंधित निर्माण ढहाने का निर्देश दिया और जेसीबी गरजने लगी।
नजमुल भाग चुका है ऐसे में कुछ महिलाएं अफसरों से कार्यवाही का एतराज जताने पहुंचीं। ये महिलाएं नजमुल के परिवार की हैं या कुनबे की या फिर परिचित। इसको लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। हालांकि अफसरों ने उनकी पूरी बात सुनने के साथ ही सही स्थिति बताई और समझाते हुए यह भी कहा कि कार्रवाई में हस्तक्षेप न करें। अन्यथा किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। इस पर यह महिलाएं भी वहां से लौट गईं। डोडा माफिया नजमुल इस वक्त चौतरफा घिर चुका है। एक और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। वही प्रशासन ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसकी वजह यह है कि उसने सत्ताधारियों की आड़ में जो गुनाह किए उन्हें अब सिस्टम माफ करने की स्थिति में नहीं है। क्योंकि नजमुल एंड ग्रुप में सीधे तौर पर पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि स्वीकृत मानचित्र के अलावा जो निर्माण किया गया है। उसे हटाया जा रहा है, क्योंकि उस निर्माण को किसी भी स्तर पर स्वीकृति नहीं मिली थी।