Mirzapur: हादसे के मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई
क्रेशर प्लांट हादसे में पुलिस की कार्रवाई, नामजद आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर: जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में भगौती देई गांव स्थित क्रेशर प्लांट में हुए हादसे के मामले में पुलिस ने मंगलवार को एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। चुनार थाना क्षेत्र के चौकिया गांव निवासी आनंद कुमार सिंह को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
क्रेशर प्लांट में छह सितंबर को हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी। मामले में सोनभद्र के जुगैल थाना क्षेत्र के बड़गावां निवासी सूर्यबली की तहरीर पर अहरौरा थाना में नामजद आरोपिताें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आनंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद अन्य आरोपिताें की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।