Meerut मेरठ: स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) मेरठ इकाई ने शाहजहांपुर जिले के सरयू पुलिया के ओवरब्रिज से मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य सुभाष सिंह को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके पास से 271 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इसकी कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एसटीएफ के एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुभाष सिंह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के नूरपुर थाना क्षेत्र के लडौदी गांव का निवासी है। वह यह गांजा एक आयशर कैंटर में लेकर जा रहा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह लंबे समय से ओडिशा से गांजा की तस्करी कर रहा है। यह गांजा बरेली और आसपास के जिलों में खुदरा विक्रेताओं को बेचा जाना था। उसने बताया कि ओडिशा में गांजा 1500 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलता है और यहां इसे 4000 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा जाता है।
एएसपी ने बताया कि एटीएफ मेरठ इकाई अपराधियों को गिरफ्तार करने शाहजहांपुर गई थी। इस दौरान सूचना मिली कि मादक पदार्थ तस्कर गिरोह का एक सदस्य ओडिशा से आयशर कैंटर में गांजा लेकर आ रहा है। इस सूचना पर टीम ने सीओ तिलहर को सूचना दी और सरयू पुलिया के ओवरब्रिज के पास से आरोपी सुभाष सिंह को पकड़ लिया। उसके कैंटर की तलाशी लेने पर 271.4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस संबंध में पकड़े गए आरोपी सुभाष सिंह के खिलाफ शाहजहांपुर जिले के तिलहर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसे शाहजहांपुर कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
Tags: