Meerut. मेरठ : मेरठ के शताब्दीनगर सेक्टर-4 बी में शुक्रवार को जयवीर(40) ने पत्नी के मोबाइल इस्तेमाल और चैटिंग को लेकर उपजे शक के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण हैंगिंग बताया गया है। जयवीर मवाना कस्बे के मखदूमपुर रोड का मूल निवासी था। वह अपनी पत्नी गुड़िया, बेटी मानसी और बेटे वंश के साथ किराए पर रह रहा था। जयवीर का पेशा डीजे और जागरण पार्टी में लाइटें लगाने का था।
परिजनों और बच्चों के मुताबिक, गुड़िया अक्सर मोबाइल पर चैटिंग करती थी और जयवीर को उस पर शक हो गया था। वह जब मोबाइल दिखाने को कहता, तो पत्नी मना कर देती। इसी को लेकर अक्सर दोनों में झगड़ा होता रहता था।
गुरुवार रात और शुक्रवार सुबह भी दोनों के बीच इसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद जयवीर ने कमरे का दरवाजा बंद कर छत की कड़ी से फांसी लगा ली। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि बच्चों ने पूछताछ में इस बात की पुष्टि की कि पिता को मां पर शक था और इसी तनाव में यह कदम उठाया। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है।