राष्ट्रपति को लेकर अधीर रंजन की टिप्पणी पर बोलीं मायावती, कहा- देश से माफी मांगे कांग्रेस
बड़ी खबर
लखनऊ। कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर सदन के बाहर की गयी एक टिप्पणी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम बसपा प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर कांग्रेस पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि भारत के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर आदिवासी समाज की पहली महिला के रूप में द्रौपदी मुर्मू जी का शानदार निर्वाचन बहुत लोगों को पसंद नहीं। इसी क्रम में लोकसभा में कांग्रेस के नेता श्री अधीर रंजन चौधरी द्वारा उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करना अति-दुःखद, शर्मनाक व अति-निन्दनीय। उन्होंने कहा कि माननीय राष्ट्रपति जी को टीवी पर 'राष्ट्रपत्नी' कहने का विरोध करते हुए संसद की कार्यवाही भी आज बाधित हुई है। उचित होगा कि कांग्रेस पार्टी भी इसके लिए देश से माफी माँगे तथा अपनी जातिवादी मानसिकता का परित्याग करे।