Mathura मथुरा: मथुरा के कोसीकलां में दिल्ली गेट निकास द्वार पर एक जर्जर मकान की छत गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोग मलबे में दब गए। मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका है। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक 6 साल की बच्ची और 12 साल के लड़के की मौत हो गई। मृतक भाई-बहन हैं। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
दिल्ली गेट निकास द्वार पर हाजी मंगा का पुराना मकान है। मकान की पहली मंजिल पर तेजीवारा उर्फ तहजीब (33), शहजाद (40), इमरान (35), गुड़िया (38), शाइस्ता (35), चांद (26), आदिल (12) और माहिरा (06) रहते थे। मकान जर्जर हालत में था। हाल ही में मकान की एक दीवार गिर गई थी, जिसकी मरम्मत कराई गई थी।
सोमवार रात करीब 8:30 बजे मकान की छत गिर गई और कमरे में बैठे सभी लोग मलबे में दब गए। तेज आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक आदिल और माहिरा की मौत हो चुकी थी।
सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर एसडीएम वैभव गुप्ता, सीओ भूषण वर्मा, चेयरमैन धर्मवीर अग्रवाल आदि मौके पर पहुंचे और जानकारी ली तथा मदद का आश्वासन दिया। बच्चों की मौत से घर में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
Tags: