Mathura : घर से खेत पर गए किसान का नाले में मिला अधजला शव , हत्या की आशंका
Mathura मथुरा: मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में गोवर्धन रोड पर कंचनपुर नाले में मंगलवार रात एक किसान का शव अधजली अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने हत्या के बाद शव नाले में फेंके जाने की आशंका जताई है। पिता की तलाश करते हुए राजू गोवर्धन रोड पर कंचनपुर नाले के पास पहुंचा। यहां उसके पिता की साइकिल खड़ी थी। उसने साइकिल के आधार पर इधर-उधर पिता की तलाश की। काफी तलाश के बाद नाले में पिता का शव मिला। उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।
राजू ने बताया कि उसके पिता की पीठ को ज्वलनशील पदार्थ से जलाया गया है। पैर और गर्दन पर चोट के निशान हैं। इससे लगता है कि पहले उसके पिता की हत्या की गई, फिर शव को नाले में फेंका गया। क्षेत्राधिकारी गोवर्धन आलोक सिंह ने बताया कि परिजनों के आरोपों के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होती है तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।