Mathura मथुरा: मामला मथुरा के बरसाना थाना क्षेत्र के सहार गांव का है। यहां महाशिवरात्रि के अवसर पर गांव का युवक गगन सैनी अपनी नवविवाहिता पत्नी के साथ मंदिर जा रहा था। अन्य श्रद्धालु भी शिव मंदिर में डीजे और बैंड बाजे के साथ जलाभिषेक करने जा रहे थे। इसी दौरान मस्जिद के सामने से गुजरते समय समुदाय विशेष के लोगों ने बैंड और डीजे को बंद करने के लिए कहा।
इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार घटना के समय कुछ सामाजिक लोगों के समझाने पर सुलह हो गई और गगन सैनी की पत्नी जलाभिषेक करने शिव मंदिर चली गईं। वापस लौटने पर फिर से समुदाय विशेष के लोगों द्वारा ईंट-पत्थर फेंके जाने की बात सामने आई, जिसके बाद माहौल गरमा गया।देखते ही देखते दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए और गांव में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें।फिलहाल गांव में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Tags: