गला घोंटकर हुई विवाहिता की हत्या

Update: 2023-08-20 14:43 GMT
कानपुर देहात। पतारी गांव में विवाहिता की गला दबाकर हत्या की गई थी। इसका खुलासा डॉक्टरों के पैनल से हुए पोस्टमार्टम में हुआ था। साथ ही मृतका के शरीर पर चोटों के पांच निशान भी मिले हैं। पुलिस ने पति समेत ससुरालियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी पति को हिरासत में लिया गया है।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के पतारी गांव निवासी अर्पित दीक्षित की पत्नी सपना (26) की घर में शनिवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति उसके जीवित होने की संभावना पर जिला अस्पताल लेकर गए। जहां ईएमओ डॉ. निशांत पाठक ने सपना को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया था। जानकारी पर शिवली कोतवाली क्षेत्र के अहिरानी गांव निवासी मृतका के पिता उमाकांत शुक्ला समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा किया था। उन्होंने अकबरपुर पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी के कुछ समय बाद से ही पुत्री का पति, ससुर, सास, ननद व नंदोई दहेज में अतिरिक्त दो लाख रुपये, बाइक व सोने की चेन की मांग कर प्रताड़ित कर रहे थे।
जिसके न देने पर पुत्री को मार डाला। परिजनों की मांग पर देर रात तीन डॉक्टरों के पैनल और वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया। जिसमे गले की हड्डी टूटी पाई गई। जिससे गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। वहीं मृतका के शरीर पर चोटों के पांच निशान भी मिले। जिससे मारपीट की बात सामने आई। अकबरपुर कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि तहरीर पर आरोपी पति अर्पित दीक्षित समेत अन्य ससुरालियों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Tags:    

Similar News

-->