रास्ते में काल बनकर आई क्रेटा कार: मां, बेटा, बहन और मासूम बेटी की सड़क हादसे में मौत

एक झटके में उजड़ गया परिवार

Update: 2026-06-13 14:52 GMT
Saharanpur सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के बेहट रोड स्थित धौलाकुआं के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी।
मृतकों की पहचान मलकपुर निवासी 26 वर्षीय लविश कुमार, उनकी मां राजदुलारी (55), बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) और पांच वर्षीय बेटी रूही के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार ससुराल से अपने गांव लौट रहा था, तभी धौलाकुआं के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार क्रेटा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर दूर जा गिरे। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन मासूम रूही की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लविश, उनकी मां और बहन ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि चालक टक्कर मारने के बाद बिना रुके भाग निकला, जिससे समय पर मदद मिलने में देरी हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश के लिए तीन विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Tags:    

Similar News