सामुदायिक सहभागिता से शांति व्यवस्था कायम रखना प्राथमिकता: SHO

Update: 2025-05-18 18:20 GMT
Rajapakad/कुशीनगर : तुर्कपट्टी के प्रभारी निरीक्षक राजप्रकाश सिंह ने थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि हर फरियादी को सम्मान और त्वरित न्याय दिलाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुरूप आम जनता में सुरक्षा की भावना बनाए रखना तथा अपराध नियंत्रण सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि क्षेत्र में पशु तस्करी व शराब तस्करी जैसी अवैध गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाया जाएगा। इसके लिए सीमावर्ती इलाकों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अराजकतत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाएगी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगामी त्योहारों और क्षेत्रीय आयोजनों को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस आमजन की सहभागिता से कार्य करेगी। ग्राम प्रहरी, बीट आरक्षी, हल्का इंचार्ज व एसआईगण को क्षेत्र भ्रमण कर जन संवाद बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि थाने की कार्यशैली में पारदर्शिता लाई जाएगी, पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाएगा। भ्रष्टाचार या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं होगी। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों व कमजोर वर्गों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयबद्धता व जनसेवा के भाव से कार्य करने का निर्देश देते हुए प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि एक जिम्मेदार पुलिस बल के रूप में हमें जनता का विश्वास अर्जित करना है, ताकि पुलिस जनसहयोग से अपराधमुक्त समाज की स्थापना कर सके। इस दौरान एसएसआई प्रिंस कुमार, एसआई सभाजीत सिंह, एसआई कैलाश यादव, एसआई नरसिंह ओझा, एचसीपी चंद्रमणि, अरविंद सिंह, विजय बहादुर सिंह, रतनदीप जायसवाल आदि मौजूद रहे।
Tags:    

Similar News