Mahakumbh 2025 :किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर कन्यानिनंद गिरि उर्फ ​​छोटी मां पर गुरुवार रात हमला हुआ। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। बीच बचाव करने आईं तीन अन्य शिष्याएं भी घायल हो गईं। सभी को देर रात महाकुंभ नगर के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इससे पहले इसी अखाड़े की महामंडलेश्वर हिमांगी सखी पर हमला हुआ था। महामंडलेश्वर कल्याणिनंद गिरि पर देर रात उस समय हमला हुआ, जब वह सेक्टर 16 स्थित किन्नर अखाड़े से निकलकर अपनी फॉर्च्यूनर कार से सदियापुर स्थित अपने घर जा रही थीं।
अखाड़े से निकलकर जैसे ही वह संगम लोअर रोड पर थोड़ी दूर आगे बढ़ीं तो कुछ लोगों ने आशीर्वाद लेने के बहाने कार रुकवा ली। कार रुकने के बाद रास्ते में पहले से खड़े लोगों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें बचाने आईं उनकी तीन शिष्याओं पर भी हमला किया। इसमें कल्याणिनंद समेत चार लोग घायल हो गए। हमले की सूचना मिलते ही किन्नर अखाड़े में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में कई शिष्य और संत मौके पर पहुंच गए। सभी को इलाज के लिए महाकुंभ के केंद्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में मौजूद वैष्णवीनानंद गिरि ने बताया कि हमलावर पहले से ही रास्ते में घात लगाए बैठे थे।  पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Tags: