लखनऊ: बीकेटी थाना क्षेत्र में काम से घर लौट रहे 28 वर्षीय मजदूर की सड़क हादसे में मौत हो गई। मजदूर को बिठौली क्रॉसिंग के पास एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उसको अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
बीकेटी निवासी अजय कश्यप फाइबर कंपनी में मजदूरी करते थे। गुरुवार शाम को कंपनी से काम करके घर लौट रहे थे। इस दौरान बिठौली क्रॉसिंग के पास अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल को एम्बुलेंस की मदद से राम सागर मिश्र अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद अजय ने दम तोड़ दिया।
मृतक अजय कश्यप मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उनके पिता रामचंद्र सब्जी का ठेला लगाते हैं। परिवार ने मां सीता और दो छोटे भाई मुकेश व विशाल है। सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। चाचा रमेश ने बताया कि अजय रोज की तरह काम से लौट रहे थे। घर से कुछ ही दूरी पर हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिठौलों क्रॉसिंग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं।