Lucknow: लखनऊ मेट्रो कर्मियों की सतर्कता ने बिछड़ी बच्ची को सुरक्षित किया
लखनऊ: लखनऊ मेट्रो ने एक बार फिर अपनी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं मानवीय जिम्मेदारी का परिचय देते हुए परिजनों से बिछड़ी एक नाबालिग बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार (family) तक पहुंचाया। घटना बीते रविवार को शाम लगभग छह बजे की है, जब लेखराज मेट्रो स्टेशन पर 09 वर्षीय बच्ची अपने परिजनों से बिछड़ गई। स्थिति को भांपते हुए स्टेशन पर तैनात कर्मियों द्वारा तत्काल बच्ची को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया तथा स्टेशन कंट्रोलर को इसकी सूचना दी गई।
स्टेशन कंट्रोलर द्वारा बच्ची से पूछताछ कर आवश्यक सत्यापन किया गया। मिली जानकारी के आधार पर लखनऊ के बीकेटी निवासी बच्ची की बहन से संपर्क किया गया। सभी आवश्यक औपचारिकताओं एवं पहचान सत्यापन के बाद बच्ची को सायं करीब साढ़े छह बजे सकुशल उसकी बहन के सुपुर्द कर दिया गया।
इस दौरान परिजनों ने लखनऊ मेट्रो के कर्मचारियों की तत्परता, सहयोगात्मक रवैये एवं सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। इस घटना पर यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक श्री सुशील कुमार ने कहा कि लखनऊ मेट्रो न केवल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है, बल्कि सामाजिक दायित्वों के प्रति भी पूरी तरह सजग एवं प्रतिबद्ध है और आगे भी इसी संवेदनशीलता के साथ अपनी सेवाएं निरंतर प्रदान करती रहेगी।