Lucknow लखनऊ: लखनऊ के सरोजनीनगर में अमौसी स्टेशन रोड स्थित एक रस्क फैक्ट्री में शनिवार शाम भीषण आग लग गई। इस बीच कई धमाके भी हुए। फैक्ट्री मालिक मवैया निवासी अखिलेश और उसका कर्मचारी अबरार फैक्ट्री में फंस गए। दमकल कर्मियों ने 14 गाड़ियों से पांच घंटे में आग पर काबू पाया। हादसे में अखिलेश और अबरार जिंदा जल गए। अमौसी स्टेशन रोड पर गंगा विहार में अखिलेश की स्वीटी फूड नाम से चार मंजिला रस्क फैक्ट्री है। पड़ोसी दुकानदारों के मुताबिक शनिवार शाम साढ़े चार बजे अखिलेश और दस कर्मचारी फैक्ट्री में काम कर रहे थे। इसी बीच शॉर्ट सर्किट से फैक्ट्री में आग लग गई।
ऊंची लपटें उठती देख मालिक और कर्मचारी घबरा गए। अखिलेश और अबरार आग बुझाने में जुट गए। जबकि नौ अन्य कर्मचारी चीखते हुए बाहर भागे। घटना से अफरातफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने घटना की सूचना दमकल और पुलिस को दी। वे भी अपने निजी संसाधनों से आग बुझाने में जुट गए। हादसे की सूचना मिलते ही एडीसीपी (दक्षिण) अमित कुमावत, एसीपी कृष्णानगर विकास पांडेय, एसडीएम सरोजनीनगर सचिन वर्मा, तहसीलदार, इंस्पेक्टर राजदेव प्रजापति पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
धमाके इतने तेज थे कि पड़ोसियों के घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। फैक्ट्री के बाहर खड़ी एक कार भी आग की चपेट में आ गई।
आग लगातार भीषण होती गई। ऐसे में हजरतगंज, आलमबाग, चौक और पीजीआई फायर स्टेशन से 12 गाड़ियां बुलाई गईं। एक टीम हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म पर चढ़कर छत पर पहुंची और आग पर काबू पाना शुरू किया। जबकि दूसरी टीम नीचे बचाव कार्य कर रही थी। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने पांच घंटे में आग को पूरी तरह बुझा दिया। इसके बाद दमकलकर्मियों को सूचना मिली कि फैक्ट्री में मालिक और कर्मचारी फंसे हुए हैं। दमकलकर्मियों ने स्मोक एग्जॉस्ट से धुआं बाहर निकाला। फिर वीआर सेट पहनकर फैक्ट्री में घुसे और दोनों की तलाश शुरू की। इसी बीच एसडीआरएफ के जवान भी मौके पर पहुंच गए। टीम ने दस मिनट में दोनों के शव बाहर निकाल लिए।