Lucknow: गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान के पिता अबु बकर का बड़ा बयान

"दोषी है तो सजा मिले, निर्दोष है तो न्याय हो"

Update: 2025-03-11 10:29 GMT

लखनऊ: अयोध्या राम जन्मभूमि पर हमले की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान के पिता अबु बकर ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि उनका बेटा दोषी है, तो उसे सजा मिलनी ही चाहिए।

रविवार को यूपी एटीएस अब्दुल रहमान को अयोध्या लेकर आई, जहां उसकी मुलाकात उसके पिता अबु बकर से करवाई गई। मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अबु बकर ने कहा, "मैंने अपने बेटे से कहा कि अगर तुमने गुनाह किया है, तो जो भी सजा मिले, उसे हंसकर कबूल कर लेना। गलत का साथ न कोई बाप देता है और न ही इस देश का कानून। लेकिन अगर तुम निर्दोष हो, तो हम सरकार से न्याय की मांग करेंगे।"

उन्होंने बताया कि बेटे से ज्यादा देर तक मुलाकात नहीं हो सकी और कुछ देर बातचीत के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। अबु बकर ने सरकार से अपील की, "हम बस यही चाहते हैं कि न्याय हो। यदि मेरा बेटा दोषी है, तो उसे सजा मिले, लेकिन अगर वह निर्दोष है, तो उसे माफी मिलनी चाहिए।"

गौरतलब है कि एटीएस टीम ने अब्दुल रहमान को हरियाणा के पलवल से गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसे उसके पैतृक गांव अयोध्या के मजनाई लाया गया, जहां थाना इनायतनगर में उसके पिता अबु बकर से भी पूछताछ की गई।

Tags:    

Similar News