Lucknow: टिक्की-बतासा खा रहे लोगों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, मासूम की मौत, 6 घायल

Update: 2026-02-13 01:47 GMT
Lucknow लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब सड़क किनारे चाट के ठेले पर टिक्की-बतासा खा रहे लोगों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। कानपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास हुए इस भीषण हादसे में 6 वर्षीय मासूम दीक्षांत की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं और दो बच्चों समेत कुल छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।पुलिस के मुताबिक, शाम करीब 6 बजे कुछ लोग ठेले पर खड़े होकर टिक्की-बतासा खा रहे थे। इस दौरान लखनऊ से कानपुर की ओर जा रही एक अनियंत्रित स्विफ्ट डिजायर कार ने पहले सड़क किनारे खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक को टक्कर मारने के बाद कार बेकाबू हो गई और सीधे चाट के ठेले की ओर बढ़ गई। इस दौरान कार ने बंथरा निवासी पापे उर्फ पउवा के 12 वर्षीय बेटे अरमान को टक्कर मार दी। इसके बाद कार की चपेट में उन्नाव के अटवा खुर्द निवासी संजय पटेल की पत्नी साधना पटेल, उनकी मां मीना देवी और 6 वर्षीय बेटे दीक्षांत आ गए। कार ने आगे बढ़ते हुए सोहरामऊ थाना क्षेत्र के पथरहा निवासी ई-रिक्शा चालक अवध बिहारी को भी टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल दीक्षांत को सरोजनी नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया, लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अन्य घायलों का इलाज जारी है।हादसे के बाद लड़की कार से उतर गई, चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं लड़की ने चालक का नाम गौरव बताया है। दोनों अवध कॉलेज में साथ पढ़ते हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
Tags:    

Similar News