लखनऊ : डेढ़ लाख आबादी आज बिजली संकट झेलगी, 2 से 8 घंटे तक ठप रहेगी सप्लाई
लखनऊ में मंगलवार को डेढ़ लाख आबादी बिजली संकट झेलेगी। लेसा इंदिरानगर, गोमतीनगर, पुरनिया, हुसैनगंज, दुबग्गा, अमराई गांव व बालाघाट समेत कई इलाकों में दो से आठ घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रखेगा।
फाइल फोटो
जनता से रिश्ता वेबडेस्क। लखनऊ में मंगलवार को डेढ़ लाख आबादी बिजली संकट झेलेगी। लेसा इंदिरानगर, गोमतीनगर, पुरनिया, हुसैनगंज, दुबग्गा, अमराई गांव व बालाघाट समेत कई इलाकों में दो से आठ घंटे तक बिजली सप्लाई बंद रखेगा।
इंदिरानगर सेक्टर-14 (न्यू) उपकेंद्र दोपहर 12 बजे से दो बजे तक बंद रहेगा। इससे सेक्टर-10,13,16 व 17 प्रभावित रहेगा। गोमतीनगर के विजयंत खंड-तीन में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली बंद रहेगी। पुरनिया में दोपहर 12.30 बजे से 1.30 बजे तक बिजली गुल रहेगी। अधिशासी अभियंता प्रेमचंद ने बताया कि पेड़ की कटाई-छटाई की जाएगी। इससे सेक्टर-ए,एच,सी व सेक्टर-के,पी व क्यू, अलीगंज सहित कई इलाके प्रभावित रहेंगे। इसके अलावा हुसैनगंज के ऐबट रोड उपकेंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक बंद रहेगा। इससे स्टेशन रोड, छितवापुर, माता सुग्गादेवी मार्ग, हाता रसूल खान सहित कई इलाके प्रभावित रहेंगे। दुबग्गा उपकेंद्र सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक बंद रहेगा। एसडीओ एतबार अहमद सिद्दीकी ने बताया कि बरावन कला, बरावन खुर्द, दुबग्गा, यादव बाजार, जेहटा सहित कई इलाके प्रभावित रहेंगे।
वहीं अमराई गांव उपकेंद्र सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। मुख्य अभियंता (ट्रांसगोमती) अनिल तिवारी ने बताया कि पेड़ों की कटाई-छटाई कराई जाएगी। इससे तकरोही, अम्बेडकर चौराहा, राम दुलारे नगर, आस्था विहार प्रभावित रहेगा। बालाघाट उपकेंद्र सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बंद रहेगा। इससे तोपखाना, रस्तोगी नगर सहित कई इलाके प्रभावित रहेंगे।