बरेली : बरेली के मोहल्ला सूफी टोला में रविवार रात एक युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। लोगों ने आरोप लगाया कि वह एक बच्चे को बाइक पर बैठाकर ले जा रहा था। लोगों ने बच्चा चोर का शोर मचाकर श्यामगंज चौकी पुलिस बुला ली। पुलिस युवक को थाने ले गई। पूछताछ में युवक ने जो बताया, उसे जानकर पुलिस भी हैरान रह गई।
 युवक ने बताया कि वह उत्तराखंड के सितारगंज का निवासी है। यहां उसके रिश्तेदार रहते हैं। उनकी बेटी से वह प्यार करता है। उसे नया मोबाइल फोन देने आया था। जब वह रिश्तेदार के दरवाजे पर अंधेरे में खड़ा था तो लोगों ने उसे चोर समझकर सवाल करने शुरू कर दिए, जिससे वह डर गया। इससे वह बाइक लेकर गली से भागने लगा।
युवक के मुताबिक वह मोहल्ले से बाहर निकलने का रास्ता भूल गया तो एक बच्चे को मदद के लिए बाइक पर बैठा लिया। उसके पीछे आ रहे लोगों ने उसे बच्चा चोर बताकर पकड़ लिया और पिटाई कर दी। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। युवक के पास से नया मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने युवक के घरवालों को बुलाया है।
Tags: