Lakhimpur Kheri: तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से पत्नी की दर्दनाक मौत
"पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया"
लखीमपुर खीरी: कस्बा महेवागंज में सोमवार शाम एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति मामूली रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब पति पत्नी को मायके से विदा कराकर घर लौट रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और डंपर चालक की तलाश जारी है।
ससुराल से विदा कराकर लौट रहा था दंपती: सीतापुर देहात कोतवाली के कासिमपुर गांव निवासी आनंद तिवारी पुत्र प्रमोद सोमवार सुबह अपनी पत्नी रूबी (25) को ससुराल, गांव मूड़ी (कोतवाली धौरहरा) से विदा कराने गए थे। शाम को बाइक से दोनों घर लौट रहे थे, तभी निघासन मार्ग पर एक राइस मिल के पास तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
डंपर के पहिए के नीचे कुचली गई महिला, मौके पर मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि रूबी बाइक से उछलकर डंपर के पहिए के नीचे आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि आनंद को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
एक साल पहले हुई थी शादी, पुलिस कर रही जांच
पुलिस के मुताबिक, महज एक साल पहले ही आनंद और रूबी की शादी हुई थी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर डंपर की पहचान करने में जुट गई है।