Lakhimpur Kheri : रविवार शाम पढुआ थाना इलाके में मल्लाबेहड़ के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर में एक बाइक सवार की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।यह हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ जब बेहननपुरवा के रहने वाले मोहम्मद रजा उर्फ बरकऊ जगतापुर में गन्ने की बुवाई करके अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।बताया गया कि मल्लाबेहड़ के सामने सड़क पार करते समय पीछे से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। दूसरी मोटरसाइकिल फूलबेहड़ थाना इलाके के अंदेशनगर के रहने वाले लक्ष्मण चला रहे थे, जो बहराइच जिले के बरखड़िया जा रहे थे। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि दोनों सवार ज़मीन पर गिर गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।
हादसा देख रहे राहगीरों ने तुरंत एम्बुलेंस और ढखेरवा थाने को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को एम्बुलेंस से रमियाबेहड़ कम्युनिटी हेल्थ सेंटर भेजा, जहां डॉक्टरों ने मोहम्मद रजा उर्फ बरकऊ को मृत घोषित कर दिया। लक्ष्मण की हालत गंभीर थी और उसे फर्स्ट एड के बाद डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है, साथ ही दोनों डैमेज बाइक भी जब्त कर ली गई हैं।