Lakhimpur Kheri: खेत में चारा काटने गए पिता-पुत्र पर बाघ ने किया हमला, इलाके में दहशत
Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी वन रेंज के आंवला बीट क्षेत्र के परसेहरा गाँव निवासी 55 वर्षीय राम शंकर और उनके 23 वर्षीय बेटे पवन कुमार पर बाघ ने हमला कर दिया। जिससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, बाघ के हमले से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, राम शंकर अपने बेटों रोहित, पंकज और पवन और भाई के साथ शनिवार सुबह अपने गाँव से चार किलोमीटर दूर कठैना नदी के किनारे मिर्जापुर ग्रांट ग्राम पंचायत के नसीरपुर गाँव में स्थित अपने खेत पर चारा काटने गए थे। वे चारा काट रहे थे, तभी खेत से निकले बाघ ने सबसे पहले पवन पर हमला किया। यह देख राम शंकर अपने बेटे को बचाने के लिए दौड़े, तो बाघ उन पर झपट पड़ा।
दोनों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास काम कर रहे लोग शोर मचाते हुए दौड़े। इस पर बाघ उन्हें छोड़कर भाग गया। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। बाघ के हमले में पिता-पुत्र को गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर वन दरोगा रोहित श्रीवास्तव, माया प्रकाश, पंकज, प्रज्जवल, मित्रपाल तोमर आदि सीएचसी पहुँचे और घटना की जानकारी ली। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हमला बाघ ने किया है। इस क्षेत्र में बाघों का आना-जाना लगा रहता है। क्षेत्र पर नज़र रखी जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा गया है।