Lakhimpur Kheri: रोडवेज बस और वैन की टक्कर में पांच लोगों की मौत, अन्य घायल
Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी के खीरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब आठ बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर ओयल मोड़ पर एक बस और कार की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक मासूम बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों में से छह को लखनऊ रेफर कर दिया गया। इस बीच, जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फिर घायलों का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, बस लखीमपुर से लखनऊ जा रही थी। 15 यात्रियों को लेकर एक वैन सीतापुर से लखीमपुर लौट रही थी। बताया जा रहा है कि ओयल मोड़ पर बस और वैन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के तुरंत बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को क्षतिग्रस्त वैन से निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने पाँच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक दो साल का बच्चा भी शामिल है। नौ घायलों में से छह की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर रूप से घायलों को लखनऊ रेफर कर दिया गया है। तीन का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। रोडवेज बस में सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई।