Lakhimpur Kheri: खेतों में मेहनत कर रहे किसानों पर टूटा कहर, सर्प और सांड ने ली जान

"परिवारों में मचा कोहराम"

Update: 2025-04-09 06:00 GMT

लखीमपुर खीरी: खेतों में मेहनत कर रहे दो किसानों की मौत अलग-अलग घटनाओं में हो गई, जिससे उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। एक किसान को जहरीले सांप ने डस लिया, वहीं दूसरे किसान पर सांड ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पहली घटना थाना नीमगांव क्षेत्र के अकबरपुर सरैयां गांव की है, जहां 30 वर्षीय श्यामू पुत्र रामकुमार सोमवार दोपहर खेत की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जहरीले सांप ने डस लिया। कुछ ही देर में उनकी हालत बिगड़ गई और वह खेत में ही गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। श्यामू की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

दूसरी घटना मोहम्मदी तहसील के कंधरापुर गांव की है, जहां रविवार रात 50 वर्षीय जसकरन लाल खेत की रखवाली कर रहे थे। उसी समय अचानक एक सांड ने उन पर हमला कर दिया और पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजन उन्हें पहले सीएचसी मोहम्मदी, फिर शाहजहांपुर जिला अस्पताल और अंत में लखनऊ ट्रामा सेंटर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। दोनों किसानों की असमय मौत ने गांव में शोक की लहर फैला दी है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Tags:    

Similar News