Lakhimpur Kheri :बेटे के सामने पिता को घसीट ले गया मगरमच्छ

Update: 2025-09-08 05:58 GMT
Lakhimpur Kheri : लखीमपुर खीरी के फूलबेहड़ क्षेत्र में चौका नदी के सुतिया नाले में रविवार दोपहर मछली पकड़ने गए पिता-पुत्र पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। बेटा तो किसी तरह उसके चंगुल से छूटने में कामयाब रहा, लेकिन मगरमच्छ पिता को उसके सामने ही गहरे पानी में खींच ले गया। हादसे के बाद गोताखोरों ने तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उनका कोई पता नहीं चला।
जयंदपुर गांव निवासी रामसागर निषाद (50) पुत्र कामता रविवार दोपहर अपने बेटे विष्णु निषाद के साथ गांव के बाहरी इलाके में स्थित सुतिया नाले में मछली पकड़ने गए थे। बताया जाता है कि दोनों मछली पकड़ने के लिए नाले में जाल डाल रहे थे। इसी दौरान नाले में मौजूद एक मगरमच्छ ने उन पर हमला कर दिया। विष्णु तो बच गया, लेकिन मगरमच्छ रामसागर को गहरे पानी में खींच ले गया। युवकों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। शारदानगर पुलिस और वन दरोगा अशोक शुक्ला टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों के जरिए तलाश शुरू की गई। शाम तक उनका कोई पता नहीं चला।
शारदानगर प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मगरमच्छ के हमले में एक ग्रामीण लापता है। उसकी तलाश की जा रही है। रेंजर शारदानगर अभय कुमार मल्ल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। ग्रामीण की तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार की नियमानुसार मदद की जाएगी। ग्रामीण इस समय नदी-नालों के पास जाने से सावधान रहें।
शनिवार रात पीलीभीत के गांव गजरौला कला सहराई में कटना नदी से निकला एक मगरमच्छ गली में पहुंच गया। भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे यह मगरमच्छ भटक कर आबादी क्षेत्र में आ गया। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ को रस्सियों से बांधा और सामाजिक वानिकी टीम को सूचना दी।
Tags:    

Similar News