Lakhimpur: बाइक सवार बदमाशों ने युवक से की मारपीट

Update: 2025-06-30 13:10 GMT

लखीमपुर खीरी: सदर कोतवाली क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। रविवार देर शाम बदमाशों ने ई-रिक्शा से उतरकर पानी लेने जा रहे एक युवक को रास्ते में घेर लिया और मारपीट कर नकदी व मोबाइल लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना थाना फूलबेहड़ के तेंदुआ गांव निवासी धनंजय कुमार के साथ हुई। धनंजय रविवार को किसी काम से लखीमपुर आए थे। शाम को गांव लौटने के लिए वह मेला मैदान से अपने गांव के वीरेंद्र कुमार द्वारा चलाए जा रहे ई-रिक्शा पर सवार हुए। रात करीब साढ़े आठ बजे बुढनापुर स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री के पास आरओ प्लांट पर पानी लेने के लिए धनंजय जैसे ही रिक्शे से उतरे, बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।

बदमाशों ने धनंजय के साथ मारपीट करते हुए उनकी जेब से ₹1500 नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने पर एक बदमाश ने उनकी आंख के पास किसी चीज से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। पीड़ित के शोर मचाने पर बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। सदर कोतवाली प्रभारी हेमंत राय ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है।

Tags:    

Similar News