Kushinagar राजापाकड़/कुशीनगर : सेवरही ब्लॉक सभागार में पोषण पखवाड़े के समापन अवसर पर एक भावनात्मक और जागरूकता से भरपूर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद बतौर मुख्य अतिथि प्रमुख प्रतिनिधि धनंजय तिवारी ने पोषण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर कुपोषण मुक्त भारत की दिशा में लगातार प्रयासरत हैं, और इसी उद्देश्य से 8 अप्रैल से 22 अप्रैल तक पूरे देश में पोषण पखवाड़े के रूप में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। मुख्य अतिथि द्वारा लगभग आधा दर्जन बच्चों को अन्न खिलाकर यह संस्कार सम्पन्न कराया गया, जिससे माहौल उल्लास से भर गया।
खंड विकास अधिकारी के.के. राय ने उपस्थित माताओं व अभिभावकों को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और बच्चों के पोषण व नियमित स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर जोर दिया। सीडीपीओ सीमा सिंह ने पोषण पखवाड़े की गतिविधियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और महिलाओं में कुपोषण की रोकथाम है।
कार्यक्रम में फातिमा, रेणु शर्मा, फरजाना खातून, अनिता देवी, सरोज देवी समेत कई स्थानीय महिलाएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताएं मौजूद रहीं। सभी ने इस पहल की सराहना की और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।