Khoda: इलाज के खर्च के बावजूद 10 लाख की अतिरिक्त मांग, मकान मालिक परेशान

"पुलिस ने किरायेदार समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया"

Update: 2025-04-08 11:16 GMT

खोड़ा: थानाक्षेत्र के वंदना विहार निवासी रविंद्र सिंह के किरायेदार पीलीभीत के बिलसंडा स्थित बबूरी निवासी प्रेमचंद छत का प्लास्टर गिरने से घायल हो गए थे। रविंद्र ने उनके इलाज का पूरा खर्च उठाया। आरोप है कि अस्पताल से आने के बाद प्रेमचंद और उनके परिवार वालों ने झूठे मुकदमे में फंसाने और अपहरण कराने की धमकी देकर उनसे 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पुलिस ने किरायेदार समेत चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस को दी तहरीर में रविंद्र ने बताया कि वर्ष 2024 में प्रेमचंद उनके मकान में किराये पर रहने के लिए आया था। करीब एक माह रहने के बाद उन्होंने प्रेमचंद से कमरा खाली करने को कहा। इसकी वजह थी कि उनके मकान की छत कमजोर थी और उसकी मरम्मत कराई जानी थी। बताया कि प्रेमचंद ने मकान खाली नहीं किया और टालमटोल करता रहा। 16 अगस्त 2024 की सुबह प्रेमचंद के ऊपर छत का प्लास्टर गिर गया। घायल को उन्होंने तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। दोनों कूल्हों में चोट होने की वजह से दिल्ली एम्स में रेफर कर दिया गया। यहां इलाज के लिए उन्होंने 30 हजार रुपये भी घायल के परिवार वालों को दिए। आरोप है कि इसके बाद भी परिवार वाले उनसे 10 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं। यहां तक कि उनका अपहरण कराने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई है। एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेमचंद और उसके परिजन ओमप्रकाश, अवधेश और सुरेश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Tags:    

Similar News